दिवंगत एएसआई संदीप लाठर की पत्नी को मिली नौकरी और आर्थिक मदद, परिवार को 2.06 करोड़ की सहायता

1720 Shares

दिवंगत एएसआई संदीप लाठर की पत्नी संतोष कुमारी को पीजीटी मैथ के पद पर नियुक्ति दी गई है। उन्हें एमडीयू रोहतक के कैंपस स्कूल में ग्रुप-बी की नौकरी मिली है। इसके साथ ही सरकार की ओर से परिवार को लगभग 2 करोड़ 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।

यह कदम संदीप लाठर के परिवार को सहारा देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। संतोष कुमारी की नियुक्ति से परिवार को स्थायी आय का स्रोत मिलेगा, वहीं आर्थिक मदद से बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में आसानी होगी।

गौरतलब है कि एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को गांव लाढौत से धामड़ रोड पर अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर जाकर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

सुसाइड से पहले संदीप ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था और चार पन्नों का सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें उन्होंने आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटना ने पुलिस विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए थे।

संदीप लाठर की मौत के बाद से ही उनके परिवार को सहयोग देने की मांग उठ रही थी। अब सरकार द्वारा दी गई नौकरी और आर्थिक सहायता से परिवार को राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *