प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 20 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नितिन नबीन अगले ही दिन से सक्रिय भूमिका में दिखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, 21 जनवरी को वे सभी प्रदेश अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अगले दिन, 22 जनवरी को वे आरएसएस द्वारा भाजपा में भेजे गए संगठन सचिवों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
बैठकों में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन, सरकार और आरएसएस के बीच हर स्तर पर समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर देंगे। भाजपा के वरिष्ठ पदस्थ सूत्रों के अनुसार, कार्यकारी अध्यक्ष रहते हुए अधिकांश राज्यों का दौरा कर वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके नितिन नबीन ने अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में लगातार और सक्रिय कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।


