राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार को जिले में विशेष अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट ईंधन लेने पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके चालान काटे गए और भविष्य में बिना हेलमेट वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया।
प्रवर्तन कार्रवाई के तहत कुल 153 वाहनों का चालान किया गया, जिनसे 2.73 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं ओवरलोडिंग के एक मामले में एक वाहन को सीज किया गया।
बिना हेलमेट नहीं मिलेगा फ्यूल
एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा और जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने कासगंज और सोरों क्षेत्र के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को ईंधन न दिया जाए और ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नियम का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों पर बैनर लगाए गए और बिना हेलमेट फ्यूल लेने आए चालकों को पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के मौके पर चालान भी किए गए।

