जेल में रची गई डकैती की साजिश, जमानत पर छूटते ही वारदात को दिया अंजाम
जमानत पर रिहा होने के बाद शहर में हुई डकैती की पूरी साजिश जेल के भीतर ही तैयार की गई थी। इस वारदात का मास्टरमाइंड रजही गांव निवासी देवेंद्र निषाद उर्फ दयानंद उर्फ डायना निकला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि देवेंद्र नवंबर माह में जेल से बाहर आने से पहले ही डकैती की योजना बना चुका था।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद देवेंद्र ने अपनी पहले से तय योजना पर तेजी से काम शुरू किया। बाहर आते ही उसने अपने पुराने आपराधिक साथियों को जेल से छुड़ाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी क्रम में उसने कोतवाली क्षेत्र में 45 लाख रुपये की चोरी के मामले में जेल में बंद दो बदमाशों की जमानत स्वयं कराई।
इसके बाद देवेंद्र ने सीमेंट व्यापारी के घर डकैती की योजना बनाई और दोनों साथियों को वारदात के लिए बुलाया। हालांकि, आपसी गलतफहमी के चलते आरोपी सीमेंट व्यापारी के बजाय बगल में स्थित एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर में घुस गए, जहां डकैती की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में यह स्पष्ट होता है कि वारदात कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि इसकी पूरी पटकथा पहले से तैयार की गई थी, जिसे जमानत के तुरंत बाद जमीन पर उतारा गया।

