झारखंड के धनबाद जिले में शनिवार रात एक सनसनीखेज गोलीकांड की घटना सामने आई है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिलाटांड के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने राशन दुकानदार अर्जुन महतो को गोली मार दी।
घटना में अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

