नगर एकीकृत विकास परियोजना के तहत ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था और शहरी मोबिलिटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत शहर में करीब 25 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसकी जानकारी देहरादून में ई-बस और इंटीग्रेटेड यूनिट कंपनियों के लिए आयोजित बिडर्स कॉन्क्लेव के दौरान दी गई।
इस परियोजना का संचालन उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) द्वारा किया जाएगा, जबकि इसे केएफडब्ल्यू जर्मन बैंक की ओर से वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य ऋषिकेश में पर्यावरण के अनुकूल, स्वच्छ और सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के तकनीकी उपमहाप्रबंधक भूपेश आनंद कुशवाह ने बताया कि निगम पहले ही इलेक्ट्रिक बस परियोजना को मंजूरी दे चुका है। उन्होंने कहा कि निगम ई-बसों के संचालन और रखरखाव में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
भूपेश आनंद कुशवाह के अनुसार, यदि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करती हैं तो यह परियोजना ऋषिकेश में स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक यातायात व्यवस्था की आधारशिला साबित होगी। इससे न केवल शहर की ट्रैफिक समस्या को राहत मिलेगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और सतत शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

