ठंड का डबल अटैक! कोहरा और शीतलहर ने छुड़ाई कंपकंपी, जम्मू से ठंडा आगरा

1665 Shares

कोहरा छाने और शीतलहर चलने से रविवार को ताजनगरी की सुबह और दिन जम्मू शहर से भी ज्यादा ठंडा रहा। सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता 50 मीटर तक पहुंच गई। दोपहर में धूप निकली लेकिन तेज ठंडी हवा चलने से लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। कोल्ड डे कंडीशन बनी रहने से लोग परेशान रहे।

रात में गलन बढ़ी

ताजनगरी का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। रात में गलन और बढ़ गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी  दो दिन सुबह कोहरा छाएगा, दोपहर में धूप निकलेगी लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। सोमवार को सुबह शहर में हल्का तो देहात क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपा दिया।

सुबह कोहरा छाने के साथ ही सर्द हवा चलने कोल्ड डे कंडीशन

इससे पहले बीते दिन सुबह एक्सप्रेसवे, हाईवे के साथ ही शहर के बाहरी क्षेत्र और यमुना किनारे कोहरा छाने से दृश्यता 50 मीटर से कम रही। सुबह नौ बजे तक तेज सर्द हवा चलने और धूप ना निकलने से गलन भरी सर्दी से लोग परेशान रहे। दोपहर 12 बजे के बाद भी धूप नहीं निकली और ठंडी हवा चलती रही। दोपहर 1.30 बजे के बाद धूप निकली लेकिन शीतलहर चलने से सर्दी से राहत नहीं मिली।

न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू शहर का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम चार बजे के बाद तापमान में गिरावट के साथ ही गलन भरी सर्दी से लोग परेशान रहे। रात में तेज हवा चलती रही।

ताजमहल पर दृश्यता कम होने से पर्यटक हुए मायूस

सुबह के समय ताजमहल पर दृश्यता कम रही, रायल गेट से पर्यटक ताजमहल के मुख्य गुंबद को नहीं देख पाए। दोपहर तक कोहरा छाया रहा, शीतलहर भी चलती रही। इससे पर्यटकों को परेशानी हुई।

संजय प्लेस की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित, एक्यूआई 200 के करीब रहा

कोहरा छाने से वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई कम नहीं हो रहा है। रविवार को रात आठ बजे सबसे ज्यादा 198 एक्यूआई संजय प्लेस का का दर्ज किया गया। इसमें अति सूक्ष्म कण का अधिकतम स्तर 348 तक दर्ज किया गया। कार्बन मोनो ऑक्साइड 50 तक पहुंच गया। मनोहरपुर दयालबाग में एक्यूआई 192 दर्ज किया गया। यहां ओजोन का अधिकतम स्तर 107 दर्ज किया गया। सबसे कम एक्यूआइ रोहता का 110 दर्ज किया गया।

ये करें

  • सुबह और शाम को धुंध छाने पर ह्रदय, मधुमेह और सांस रोगी टहलने ना जाएं, धूप निकलने पर ही टहलें
  • प्रदूषण अधिक होने पर घर पर ही रहेंं, मास्क और रूमाल का इस्तेमाल करें
  • पानी का सेवन अधिक करें, पौष्टिक आहार लें
  • गर्म कपड़े पहनें और गर्म शूप सहित शरीर को गर्माहट देने वाले खाद्य पदार्थ का सेवन करें
  • घर में लकड़ी ना जलाएं, धुआं ना करें
  • रक्तचाप और शुगर का स्तर बढ़ने पर डाक्टर से परामर्श लेकर दवा की डोज में बदलाव करा लें

एसएन मेडिकल कॉलेज के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के डॉ. जीवी सिंह ने बताया कि ओजोन और कार्बन मोनो ऑक्साइड का स्तर बढ़ने से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेचैनी, घबराहट के साथ सांस लेने में परेशानी होने लगती है। सुबह और रात के समय सर्द हवा चलने से निचली सतह पर प्रदूषक तत्व बढ़ जाते हैं इसलिए रात के समय सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज और बुजुर्ग मरीज घर से बाहर ना निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *