जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, उपायुक्त की अध्यक्षता में अधिकारियों की समीक्षा बैठक

1882 Shares

भारत की जनगणना 2027 को लेकर तैयारियों का औपचारिक रूप से आगाज हो गया है। पंजीयक जनरल एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया के लिए पूर्व तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. नागपाल ने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा अत्यंत व्यापक और जिम्मेदार कार्य है। उन्होंने बताया कि भारत जैसे विशाल और विविधताओं से भरे देश में करीब 140 करोड़ लोगों की गणना करना ऐतिहासिक महत्व रखता है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना की सफलता पूरी तरह इसकी सटीकता, पारदर्शिता और सुचारू संचालन पर निर्भर करती है। इसी कारण जनगणना से पहले पूर्व परीक्षण (Pre-Test) की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि वास्तविक गणना के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक कठिनाइयों से बचा जा सके।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने स्तर पर तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें और केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *