108 एंबुलेंस की देरी से गई मरीज की जान, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर
सरकारी एंबुलेंस सेवा की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां समय पर मदद नहीं मिलने के कारण एक बीमार वृद्ध की जान चली गई। एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने से परिजन मजबूरन निजी साधन से मरीज को अस्पताल ले जाने को विवश हुए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कासिमपुर का है। यहां के निवासी श्यामवीर सिंह (55 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक के भतीजे प्रदीप कुमार के अनुसार, ठंड बढ़ने के बाद से श्यामवीर सिंह को सांस लेने में लगातार दिक्कत हो रही थी और उनका इलाज चल रहा था।
रविवार देर रात करीब दो बजे अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस सेवा 108 पर कॉल किया। कॉल रिसीव होने के बाद एंबुलेंस भेजने का आश्वासन दिया गया, लेकिन तड़के चार बजे तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
लंबा इंतजार करने के बाद परिजन निजी वाहन से मरीज को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां इलाज शुरू होने के कुछ समय बाद ही श्यामवीर सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं।

