भीमनगर वार्ड संख्या 09 स्थित रेलवे कॉलोनी में वर्षों से अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। यांत्रिक प्रमंडल वीरपुर की ओर से कॉलोनी में रहने वाले करीब 110 परिवारों को सात दिनों के भीतर क्वार्टर खाली करने का निर्देश जारी किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
यांत्रिक प्रमंडल वीरपुर के कार्यपालक अभियंता अंकित कुमार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास खाली नहीं करने की स्थिति में आगे कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे विभाग ने यह भी बताया कि कॉलोनी में रहने वाले कई लोग लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे थे। ऐसे बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी बिजली आपूर्ति काट दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, रेलवे प्रशासन की ओर से इससे पहले भी कई बार कॉलोनी में रह रहे लोगों को नोटिस जारी कर आवास खाली करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर अब विभाग ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी में रह रहे परिवारों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कदम रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।