वर्क फ्रॉम होम के नाम पर साइबर ठगी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी से 18 हजार की ठगी

1353 Shares

ऑनलाइन शॉपिंग और वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ठगों ने एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी से करीब 18 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना मलपुरा पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना मलपुरा क्षेत्र के धनौली पूजा विहार निवासी हरिचंद, जो सेवानिवृत्त रेडियो पुलिसकर्मी हैं, ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर नटराज कंपनी के नाम से वर्क फ्रॉम होम का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उनसे बातचीत की।

पीड़ित के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को रजिस्ट्रेशन के नाम पर उनसे 650 रुपये यूपीआई के माध्यम से जमा कराए गए। अगले दिन फोन कर बताया गया कि उनका पैकेट और कार्य सामग्री भेजी जा रही है। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उनसे बार-बार भुगतान कराया गया।

आरोप है कि ठगों ने प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी चार्ज और अन्य मदों का हवाला देकर कुल मिलाकर करीब 18 हजार रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, तो मोबाइल नंबर बंद मिला।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर अपराध की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले वर्क फ्रॉम होम या ऑनलाइन कमाई के विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *