श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूप लापता मामला: SIT गठित, पंजाब और चंडीगढ़ में 15 ठिकानों पर छापेमारी
श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के कथित रूप से गायब होने के गंभीर मामले में पंजाब पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस संवेदनशील प्रकरण में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच टीम (Special Investigation Team – SIT) का गठन किया गया है। एसआईटी पूरे प्रकरण की हर कड़ी की गहनता से जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि अदालत के माध्यम से सभी नामजद आरोपितों के तलाशी वारंट प्राप्त कर लिए गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ कुल 15 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इन छापों के जरिए अहम दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य जरूरी सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए जांच में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

