भाजपा शासित मध्यप्रदेश के इंदौर में कथित तौर पर जहरीला पानी पीने से कई लोगों की मौत और अनेक के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना ने दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की जनता को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि इंदौर की घटना एक बड़ी चेतावनी है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित अन्य महानगरों में रहने वाले लोगों को पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश समेत देश के अधिकांश बड़े शहरों में भाजपा की सरकारें हैं और इंदौर की घटना ने जल आपूर्ति व्यवस्था में गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। उनका कहना है कि जिस तरह की स्थिति इंदौर में सामने आई, वैसी घटनाएं अन्य शहरों में भी हो सकती हैं, यदि समय रहते सतर्कता और निगरानी नहीं बढ़ाई गई।
इस बयान के बाद शहरी इलाकों में पीने के पानी की गुणवत्ता, जल शोधन व्यवस्था और सरकारी जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक बहस तेज हो गई है।

