टायर फटने से हुए हादसे का खौफनाक VIDEO, तेज स्पीड में पलटी; फिर घिसटती चली गई कार

2.2kViews
1206 Shares

हरियाणा के फरीदाबाद में हुए दर्दनाक हादसे की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार की स्पीड काफी तेज थी।

नए साल पर परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

नए साल के पहले दिन एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बाटा मेट्रो स्टेशन के सामने बृहस्पतिवार तड़के टायर फटने के बाद कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई, तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घायलों में से एक युवक की हालत गंभीर है। घटना तड़के तीन बजे की है।

वृंदावन जा रहे थे पांच दोस्त

जवाहर कॉलोनी में रहने वाले पांच दोस्त वृंदावन जा रहे थे। तड़के ढाई बजे पांचों जवाहर कॉलोनी से निकले थे कि हाईवे पर सड़क दुर्घटना हो गई।

जवाहर कॉलोनी के रहने वाले सारांश, लक्ष्य, राघव, तुषार और यथार्थ ने नए साल पर वृंदावन जाकर बांके बिहारी जी के दर्शन करने की योजना बनाई थी। पांचों बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे घर से निकल गए। पांचों दोस्तों ने पहले एनआइटी एक स्थित संतों के गुरुद्वारे में मत्था टेका।

इसके बाद वह बलेनो कार से वृंदावन के लिए निकल गए। कार को सारांश चला रहा था। लक्ष्य ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा हुआ था। राघव, तुषार और यथार्थ पीछे की सीट पर बैठे हुए थे। नीलम फ्लाईओवर पार करने के बाद जैसे ही गाड़ी बाटा मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची तो कार का टायर फट गया।

इसके बाद कार ग्रिल में टकराई और डिवाइडर पर जाकर पलट गई। इस दौरान गाड़ी का शीशा टूट गया। गाड़ी पलटने से चालक सारांश सड़क पर आकर गिरा। सिर में गहरी चोट लगन से उसकी मौत हो गई।

वहीं, पीछे बैठे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि लक्ष्य को हल्की चोटे आई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाकी चारों को गाड़ी से निकाला। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सारांश के पिता मुकेश ने बताया कि पांचों दोस्त एक साथ ही घूमने के लिए जाते थे। पांचों युवक ग्रेजुएशन कर रहे थे। जवाहर कालोनी में ही आसपास रहते थे। सारांश का शव का बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ड्राइविंग कर रहे सारांश ने सीट बेल्ट नहीं पहनी हुई थी। इसलिए वह गाड़ी से बाहर आकर गिर गया, जबकि उसके बगल में बैठे लक्ष्य ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी। इसलिए उसको अधिक चोट नहीं आई। पुलिस प्रवक्ता ने अपील करते हुए कहा कि ड्राइविंग करते समय सीट बेल्ट जरूर लगाए।

जागरण सुझाव

  • लंबी यात्रा पर जाने से पहले अपनी कार की फिटनेस की जांच करें और आवश्यक मरम्मत करा कर ही निकलें। कई बार अक्सर ऐसा होता है कि जिस कार की समस्या को आप छोटा समझ रहे थे। यात्रा पर निकलने के दौरान वही सड़क पर दिक्कत देने लगती है।
  • कार के पहियों, रिम, टायर-ट्यूब, बैटरी आदि की जांच करें।
  • अपनी कार के ईंधन और ईंजन में तेल की जांच करें। निकलने से एक रात पहले ही पेट्रोल पंंप पर जाकर फ्यूल ले लें, क्योंकि ऑन दी स्पॉट अगर आप यह करने जाते हैं तो कई बार अनावश्यक रूप से परेशानी झेलनी पड़ती है।
  • जिस गाड़ी में यात्रा के लिए निकल रहे हैं, उसकी आरसी, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, चालक का लाइसेंस आदि की जांच करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *