साइंस सिटी देखने पहुंचे CM नीतीश कुमार; बोले- बहुत अच्‍छा बना है, बच्‍चों से भी की मुलाकात, देखिये तस्‍वीरें

2.9kViews
1752 Shares

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया।

वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को समझने का यह अनूठा केंद्र है।

हर आयुवर्ग को कर रहा आकर्षित

उन्‍होंने कहा कि साइंस सिटी बहुत अच्छा बना है। इसे विशिष्ट विचारों के साथ बनाया गया है। यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक ऐसा आधुनिक केन्द्र है जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहा है।

युवा वर्ग के बीच विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने 21 एकड़ के भूखंड पर बने साइंस सिटी के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर एवं विभिन्न गैलरियों, वैज्ञानिक प्रदर्शों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।

सचिव ने दी पूरी जानकारी

वहां उपस्थित बच्चों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्द्धन किया। निरीक्षण के क्रम में भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित 5 गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, आडिटोरियम, 4 डी थियेटर तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिये डोरमेट्री की सुविधा प्रमुख आकर्षण केन्द्र हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमण्डल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *