गाजियाबाद में बदमाशों ने रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

2.5kViews
1923 Shares

थाना लोनी क्षेत्र की अशोक विहार कालोनी के सामने शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एअरफोर्स से रिटायर्ड कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। एक बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेेजा है। कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।

तीन महीने पहले हुए थे रिटायर

मूलरूप से बागपत के खेखड़ा के बड़ा गांव के रहने वाले योगेश (58) पुत्र वेद प्रकाश परिवार के साथ अशोक विहार कालोनी में रहते थे। तीन माह पूर्व वह वायु सेना से सेवानिवृत हुए थे। परिवार में पत्नी लता, बेटा नितेश और विशाल, बेटी प्रीति, बहु ममता, पोती परी और पीहु है।

वह शुक्रवार दोपहर करीब साढे 12 बजे घर से कुछ दूर दिल्ली सहारनपुर रोड के पास पुराने चैक पोस्ट के पास किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और उनसे बात कर हाथापाई के बाद सिर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक समेत फरार हो गये।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल जांच में जुटी है।

पीड़ित परिवार द्वारा शिकायत देने के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *