ओडिशा के गेंदबाज ने किया कमाल, लिस्ट-ए क्रिकेट में रच दिया इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

2.1kViews
1416 Shares

ओडिशा के गेंदबाज राजेश मोहंती ने इस समय खेली जा रही विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है। इस गेंदबाज ने शुक्रवार को सर्विसेस के खिलाफ खेले जा रहे मैच में वो कमाल किया है जो अभी तक कोई भी नहीं कर पाया। बेंगलुरू के अलुर में खेले जा रहे मैच में राजेश ने सर्विसेस के बल्लेबाजों की बक्खियां उधेड़ दीं।

राजेश ने इस मैच में हैट्रिक ली है। इसी के साथ वह लिस्ट-ए में ऐसा करने वाले अपने प्रदेश के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उनके इस प्रदर्शन के दम पर ओडिशा ने सर्विसेस को चार विकेट से हरा दिया है। सर्विसेस की टीम 21.5 ओवरों में महज 83 रनों पर ढेर हो गई। ओडिशा ने ये टारगेट छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इस तरह ली हैट्रिक

राजेश ने सर्विसेस की पारी के दौरान सातवें ओवर में हैट्रिक ली। उन्होंने पहली ही गेंद पर सगर दहिया को पवेलियन की राह दिखाई। सागर बोल्ड हुए और सिर्फ नौ रन ही बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने अमित शुक्ला को पवेलियन भेजा। वह एलबीडब्ल्यू हुए। रवि चौहान राजेश के तीसरे शिकार बने। वह भी एलबीडब्ल्यू हुए। यहां से विकेटों का जो सिलसिला शुरू हुआ वो लगातार चलता रहा और सर्विसेस की टीम सस्ते में ऑलआउट हो गए।

उसके लिए अंत में पूनिया ने 18 गेंदों पर 25 रनों की पारी खेली। राजेश ने नौ ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट लिए और दो ओवर मेडन निकाले। संबित एस बराल ने चार विकेट अपने नाम किए। बादल बिस्वाल ने दो विकेट लिए।

आसानी से नहीं मिली जीत

ओडिशा के सामने 84 रनों का टारगेट था। ये आसान था, लेकिन इसे हासिल करने में भी ओडिशा को परेशानी हुई। उसने अपने छह विकेट खो दिए। टीम की शुरुआत खराब रही। स्वास्तिक समाल पहले ही ओवर में आउट हो गए। उन्हें नीतिन यादव ने अपना शिकार बनाया। ओम टी मुंडे को पूनम पूनिया ने एक के निजी स्कोर पर आउट किया। पूनिया ने लगातार विकेट लेकर ओडिशा को परेशान किया। संदीप पटनायक ने अंत तक खड़े रहकर टीम को जीत दिलाई जिसे हासिल करने में उसने ओडिशा ने अपने छह विकेट खो दिए। संदीप ने 69 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।

राजेश ने 12 रनों का योगदान दिया। गोविंद पोडार 11 रन बनाने में सफल रहे। पूनिया ने चार विकेट अपने नाम किए। नीतिन यादव के हिस्से दो विकेट आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *