नेपाल में हो रही प्रतिबंधित गांजे की खेती, पर्सा में तेज हुआ उन्मूलन अभियान

2.8kViews
1940 Shares

 भारत–नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले में अवैध रूप से की जा रही प्रतिबंधित गांजा खेती के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है।

मंगलवार को जिले के ग्रामीण और निकुंज क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साढ़े तीन कट्ठा भूमि में लगी गांजा की फसल को नष्ट कर दिया गया।

पर्सा जिले में लंबे समय से चल रही अवैध गांजा खेती के उन्मूलन का अभियान कुछ माह के अंतराल के बाद अब फिर तेज कर दिया गया है। जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुदीपराज पाठक के पदभार संभालते ही इस अभियान को नई रफ्तार मिली है।

एसपी सुदीपराज पाठक ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले के सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और नदी किनारे के इलाकों में छिपकर की जा रही गांजा खेती के खिलाफ सघन कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में पुलिस ने जिराभवानी गांवपालिका और पटेर्वा सुगौली गांवपालिका क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध फसल को नष्ट किया।

पुलिस निरीक्षक प्रकाश थापा के नेतृत्व में गठित 15 सदस्यीय टीम ने जिराभवानी-5 के हरैया स्थित भलुवाही नदी के बगर क्षेत्र में लगभग एक कट्ठा तथा पटेर्वा सुगौली-4 के फरहदवा इलाके में करीब ढाई कट्ठा भूमि में लगी गांजा की खेती को उखाड़कर नष्ट किया। दोनों स्थानों से कुल करीब 7,500 गांजा के पौधे नष्ट किए गए।

एसपी सुदीपराज पाठक ने स्पष्ट कहा कि गांजा खेती के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती को पूरी तरह समाप्त करना है।

उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध गांजा खेती की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

गौरतलब है कि पर्सा जिले के दुर्गम इलाकों और नदी किनारे के क्षेत्रों में अवैध गांजा खेती का पुराना इतिहास रहा है। नए पुलिस नेतृत्व की सक्रियता से स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश गया है और मादक पदार्थों पर नियंत्रण को लेकर अभियान के और प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *