जबलपुर में दिव्यांग महिला से अभद्रता करने वाली भाजपा नेत्री के खिलाफ पार्टी सख्त, नोटिस भेजा, वायरल हुआ था Video

1552 Shares

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को गंभीरता से लेते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने जबलपुर नगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में दृष्टिबाधित महिला से विवाद के दौरान अशोभनीय भाषा के प्रयोग को पार्टी की गरिमा और मर्यादा के खिलाफ बताया गया है।

यह कहा नोटिस में

भाजपा संगठन की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी एक अनुशासित संगठन है और उसके पदाधिकारियों से समाज में संवेदनशील, मर्यादित एवं जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। विशेष रूप से महिलाओं और दिव्यांगजनों के प्रति असंवेदनशील आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

नोटिस के माध्यम से अंजू भार्गव को निर्देश दिए गए हैं कि वे नोटिस प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर पूरे मामले पर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। तय समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन की छवि और मूल्यों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है, जिस पर वरिष्ठ पदाधिकारी भी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

बीते दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव एक दिव्यांग महिला से बहस करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में महिला के साथ अभद्र भाषा और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद देशभर में इसका विरोध शुरू हो गया है और विपक्षी दल भाजपा को निशाने पर ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *