न्यू उस्मानपुर इलाके में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद में अपने साले पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। साले को लहूलुहान करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घायल हालत में रंजीत को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित रंजीत की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना ने चोट पहुंचाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
रंजीत अपने परिवार के साथ ब्रह्मपुरी में रहते हैं। उनका जीजा नरेश कुमार उनके पड़ोस में ही रहता है। रंजीत ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह रविवार शाम को घर से बाइक लेकर फोटोफ्रेम लेने के लिए जा रहा था। रास्ते में उसे उसके जीजा ने घेर लिया।
आरोप है कि गाली गलाैज करने लगा। तभी जेब से नुकीला हथियार निकालकर अपने साले की गर्दन व चेहरे पर वार कर दिया। रंजीत घायल हाेने के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। पीड़ित के घर वालों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

