विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री बोले- देश में हर वर्ग हुआ सशक्त

2.7kViews
1629 Shares

 केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कार्यक्रम में देश की अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि हम विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था हैं। अगले ढाई-तीन वर्ष में देश दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, जो कि हम सबके लिए गर्व की बात है। भारत का समस्त वर्ग आज सशक्त हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी की तारीफ करते हुए कहा कि साढ़े आठ वर्षों में जिस प्रकार से भू-माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया से मुक्ति दिलाकर प्रदेश को अच्छी कानून व्यवस्था के साथ जोड़कर प्रदेश को भारत की दूसरी अर्थव्यवस्था बना दिया है यह प्रशंसनीय है।

उन्होंने राजधानी लखनऊ की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक शहर नहीं है, बल्कि उससे कहीं बढ़कर है। ये विचारों, संस्कृति व संवाद की परंपरा वाली एक विशिष्ट प्रादेशिक राजधानी है। लखनऊ आकर मुझे अलग ही स्वाद आता है। जब हम पहले यहां आया करते थे तब अटल बिहारी वाजपेयी को यहां का प्रतिनिधित्व करते देखते थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज हम भारत का पासपोर्ट लेकर दुनिया में किधर भी जाएं एक अलग सम्मान की दृष्टि से एक भारतीय होने के नाते हमें देखा जाता है। यह सम्मान वर्ष 2014 के पहले कभी नहीं मिला।

पंचायत से पार्लियामेंट तक के प्रतीक हैं पंकज

गोयल ने कहा कि ये प्रसन्नता की बात है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आपको एक नए प्रधान कार्यकर्ता मिले हैं। पंकज बड़े सहज और सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं और 15 वर्षों से उनके काम को मैं निकट से देख रहा हूं। जब हम बात करते हैं पंचायत से पार्लियामेंट तक तो पंकज उसके प्रतीक है। शुरुआत उन्होंने पार्षद के तौर पर की थी। वह डिप्टी मेयर बने और सात बार जनता के बीच से चुनकर आना कोई छोटी बात नहीं है। भाजपा का अध्यक्ष पद अलंकार नहीं, दायित्व है। प्रतिष्ठा नहीं, परीक्षा है और सम्मान नहीं, चुनौती है।

2027 में टूटेगा 2017 का रिकार्ड: केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब विधान सभा चुनाव सामने है। पंकज चौधरी के नेतृत्व में सपा के फर्जी पीडीए की धज्जियां उड़ानी हैं। 2027 में 2017 का रिकार्ड टूटेगा। उत्तर प्रदेश से पहले पश्चिम बंगाल में सरकार बनानी है। हम भी कंधे से कंधा मिलाकर पंकज चौधरी के साथ चलेंगे। 2027 में 325 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। यूपी से पहले बंगाल भी जीतेंगे। महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद बिहार के चुनाव ने विपक्ष की हवा निकाल दी है। बाकी सब जाइए भूल, याद रखिए नरेन्द्र मोदी और कमल का फूल

पंकज को जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने संविधान के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई है। भाजपा पार्षद के रूप में राजनीतिक सफर तय कर सात बार सांसद रहते हुए यहां तक पहुंचे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जब पहली बार सरकार बनी तब भी पंकज चौधरी सांसद थे। उनमें सहनशीलता है। वह एक-एक कार्यकर्ता को सुनते हैं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री रहते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *