पलामू में इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म, आरोपी झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार

2.2kViews
1679 Shares

 छतरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ इलाज के बहाने दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने लिखित आवेदन में बताया कि वह अपने बच्चे के साथ ससुराल नौडीहाबाजार में रहती है, जबकि उसके पति बाहर काम करते हैं।

बच्चे की तबीयत खराब होने पर वह अक्सर छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हुटगुगदाग स्थित झोलाछाप डॉक्टर संजय कुमार के क्लीनिक में इलाज कराने जाती थी।

छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत सिन्हा ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि बीते पांच दिसंबर को बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता संजय कुमार के क्लीनिक गई। आरोप है कि संजय कुमार ने बच्चे को देखकर कहा कि उसे सर्दी है और मशीन से भाप दिलाने के लिए क्लीनिक के बगल स्थित अपने घर में ले जाने को कहा।

पीड़िता का आरोप है कि घर के अंदर ले जाकर संजय कुमार ने दरवाजा बंद कर उसके साथ बलात्कार किया और किसी को न बताने की धमकी भी दी। घटना के दो दिन बाद, सात दिसंबर को पीड़िता ने पूरी जानकारी पुलिस को दी।

उसके आवेदन पर छतरपुर थाना में कांड संख्या 245/25, दिनांक 07.12.25, धारा 64/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद छतरपुर थाना पुलिस ने आरोपित नौडीहाबाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग रबदा निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

छापामारी टीम में पुअनि सुशील उरांव, पुअनि सह अनुसंधानकर्ता इंद्रजीत राणा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *