रुड़की डिपो के बेड़े में जल्द शामिल होंगी दो बीएस-6 बसें, कवायद तेज

2.7kViews
1572 Shares

उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से खरीद जा रहीं सौ नई बसों में से रुड़की डिपो को केवल दो बसें मिलने की संभावना है, जबकि डिपो पहले से ही आयु पूरी कर चुकीं और कंडम बसों के सहारे ही संचालन चला रहा है।

परिवहन निगम के रुड़की डिपो में इस समय स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है। डिपो के पास 22 ऐसी बसें हैं जो अपनी आयु पूरी कर चुकी हैं। इनमें से कई बसों को निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया गया है, लेकिन फिर इन्हें सड़क पर उतारा जा रहा है। जबकि डिपो में करीब 17 अनुबंधित बसें भी कई वर्षों से संचालन में लगा रखी हैं।

इसी बीच उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा लगभग 100 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिनमें अधिकांश इलेक्ट्रिक बसें देहरादून में संचालित की जाएंगी।

वहीं रुड़की डिपो के लिए सिर्फ दो नई बीएस-6 डीजल बसें भेजे जाने की तैयारी शुरू हुई है, जिससे स्थानीय स्तर पर बसों की कमी तो पूरी नहीं होगी पर वर्तमान खटारा बेड़े पर कुछ भार जरूर कम पड़ेगा।

डिपो प्रभारी एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि रुड़की डिपो से नई बसों की मांग लंबे समय से की जा रही है, क्योंकि पुराने बेड़े और कंडम घोषित बसों से संचालन करना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यालय से अभी अधिकृत स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दो नई बसें रुड़की को आवंटित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *