गुरुग्राम में युवती से ऑनलाइन बातचीत के बाद ट्रेन के आगे कूदा छात्र, मौत

1530 Shares

सूरत नगर में रहने वाले 20 वर्षीय छात्र ने मंगलवार दोपहर एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। परिवार के कुछ लोगों ने बताया कि युवक की एक युवती से दोस्ती थी। मंगलवार दोपहर उसकी युवती से स्नैपचैट पर ऑनलाइन बातचीत हुई थी। इसके बाद से ही उसका चेहरा उदास लग रहा था। पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी।

मृत छात्र की पहचान सूरत नगर में रहने वाले अंकित गुप्ता के रूप में की गई। परिवार ने बताया कि अंकित द्रोणाचार्य कालेज में बी-कॉम सेकेंड ईयर के छात्र थे। अंकित दो-तीन दिन से कुछ परेशान लग रहे थे। परिवार ने इसका कारण भी पूछा था, लेकिन उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी थी। मंगलवार दोपहर एक बजे वह घर से कहीं चले गए, फिर वापस नहीं आए।

शाम को जीआरपी की तरफ से फोन पर अंकित द्वारा ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने की जानकारी दी गई। जीआरपी ने बताया कि युवक ने दोपहर में बरेली एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम में दी थी। जयपुर से दिल्ली की तरफ ट्रेन जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव की पहचान के बाद स्वजन को जानकारी दी।

वहीं पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। अभी किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं परिवार के कुछ लोगों ने बताया कि युवक की सूरत नगर में ही रहने वाली युवती से दोस्ती थी। उससे अक्सर बातचीत होती थी। उनके बीच ऑनलाइन बातचीत में क्या हुआ, इसके बारे में तो उन्हें कोई जानकारी नहीं है। लेकिन बातचीत के बाद से ही अंकित उदास था। शायद इसीलिए उन्होंने इस तरह का कदम उठा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *