सुबह सवेरे से शाम तक बुधवार को धूप खिली रही तो पार्कों में भी रौनक देखने को मिली। लोग जगह जगह धूप सेंकते हुए दिखे। बच्चों ने भी धूप में सर्दी से राहत मिली तो खूब मस्ती की। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तापमान में एक दो डिग्री सेल्सियस उतार चढ़ाव आ सकता है।
तापमान में गिरावट के साथ सर्दी लगातार बढ़ रही है, लेकिन बीते दो दिन से सुबह से शाम तक धूप रहने से दिन में राहत रही। मंगलवार को तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ बाकी दिनों के मुकाबले ज्यादा सर्दी रही थी। दिन में लोग धूप सेंकते हुए दिखे थे। वैसा ही मौसम बुधवार को रहा। तापमान में गिरावट रहने के साथ सुबह सवेरे सर्दी ज्यादा महसूस हुई थी।
धूप निकली तो लोग पार्कों, खुले स्थानों एवं छतों पर धूप सेंकने का आनंद लेते दिखे। पार्कों में भी रौनक काफी बढ़ गई। बच्चे पार्कों में खेलते हुए दिखे और ज्यादातर बुजुर्ग भी सूरज ढलने तक धूप में बैठे रहे। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा अधिकतम पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 42 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तापमान में एक दो डिग्री सेल्सियस का उतार चढ़ाव आ सकता है। सर्दी बढ़ती हुई महसूस होगी। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा अधिकतम छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। वातावरण में आर्द्रता 48 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

