पाकिस्तान के बाजार में भूचाल, चार हफ्तों में सबसे बड़ी गिरावट, निवेशकों को 32 हजार करोड़ रुपए का नुकसान

3.1kViews
1084 Shares

बिजनेस डेस्कः दिल्ली ब्लास्ट की खबरों के बीच पाकिस्तान के वित्तीय बाजार से भी गंभीर झटका सामने आया है। कराची स्टॉक एक्सचेंज में मंगलवार को तेज गिरावट दर्ज की गई, जो पिछले करीब एक महीने में सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है। लगातार दो दिनों की बढ़त के बाद बाजार अचानक टूट गया और निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

मंगलवार की शुरुआत कराची स्टॉक एक्सचेंज के लिए कमजोर रही। इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ 1,61,468 अंकों पर खुला था लेकिन कुछ ही घंटों में बिकवाली तेज हो गई और इंडेक्स गिरकर 1,58,928 अंकों के लोअर स्तर पर पहुंच गया। यह गिरावट 1.61% यानी 2,610 अंकों की रही। यह स्थिति 13 अक्टूबर के बाद सबसे बड़ी गिरावट है। उस समय इंडेक्स में 2.85% की गिरावट दर्ज हुई थी।

इस गिरावट का सीधा असर पाकिस्तान के निवेशकों पर पड़ा है। बाजार की कुल वैल्यूएशन एक दिन में 70.15 बिलियन डॉलर से घटकर 69.02 बिलियन डॉलर पर आ गई। इसका अर्थ यह हुआ कि निवेशकों को एक ही दिन में 1 बिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ, जिसे पाकिस्तानी मुद्रा में देखें तो यह लगभग 32 हजार करोड़ रुपए के बराबर है। यह नुकसान पाकिस्तान जैसे आर्थिक संकट से जूझ रहे देश के लिए और भी गंभीर माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान के शेयर बाजार में यह गिरावट केवल एक दिन की घटना नहीं है। देश में राजनीतिक अस्थिरता, विदेशी ऋण का बढ़ता दबाव, आर्थिक सुधारों में धीमी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का लगातार बाहर निकलना ऐसे कारक हैं जो बाजार पर तनाव बनाए हुए हैं। इसके अलावा महंगाई और मुद्रा कमजोर होने से भी बाजार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

कई विश्लेषकों का यह भी मानना है कि परिस्थितियों में जल्द सुधार की संभावना कम है। अगर आर्थिक और राजनीतिक स्पष्टता नहीं आती है, तो आने वाले दिनों में कराची स्टॉक एक्सचेंज में और गिरावट हो सकती है। निवेशकों में फिलहाल सतर्कता और चिंता दोनों बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *