शिवपुरी |
शिवपुरी में शनिवार रात एक युवती के अपहरण की कोशिश की गई। परिजन के विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इसमें युवती का पिता घायल हो गया। गांव वाले इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
मामला कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई सड़क गांव में शनिवार रात का है। पुलिस के अनुसार, सेसई सड़क में रहने वाला रॉकी लंबे समय से एक युवती पर शादी करने का दबाव डाल रहा है। युवती और उसका परिवार इसके लिए राजी नहीं है।
शनिवार दोपहर भी उसने युवती को परेशान किया। युवती के परिजन ने इस पर ऐतराज जताया तो वह मौके से चला गया।
रात में हथियारों के साथ पहुंचे आरोपी इसके बाद रात करीब 8 बजे रॉकी, उसका पिता लोहरे, उसके दो साथी जोधा सरदार और गुरप्रीत सरदार उर्फ पीतू हथियारों के साथ युवती के घर पहुंचे। उसे जबरदस्ती साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। परिजन ने विरोध जताया तो आरोपियों ने हवाई फायरिंग की।
फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण युवती के परिजन ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इसमें पिता घायल हो गया। एक गोली उसकी उंगली को छूकर निकल गई। आरोपियों ने करीब छह राउंड फायर किए। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। जिनको देखकर आरोपी बंदूक लहराते हुए फरार हो गए।
इसके बाद युवती के परिजन और ग्रामीण कोलारस थाने पहुंचे।
3 पर केस दर्ज, पुलिस ने रातभर दिया पहरा काेलारस थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया- रॉकी के पिता लोहरे, जोधा सरदार और गुरप्रीत सरदार उर्फ पीतू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर पर रातभर पहरा दिया।