2.5kViews
1895
Shares
आगरा
एत्मादपुर के छलेसर गांव में अनुसूचित जाति के युवक की बरात में डीजे बजाने पर गांव के परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने दूल्हे को पीटकर उसकी चेन छीन ली। कई बारातियों को घायल कर दिया। बाराती और लड़की पक्ष को मैरिज होम में बंधक बना लिया। पुलिस मामले को तेज डीजे बजाने पर हुआ विवाद बता रही है। मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हुआ है।
पीड़ित अनीता ने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका की शादी वृंदावन के रोहित से तय हुई थी। गुरुवार रात कृष्णा मैरिज होम में शादी समारोह का आयोजन किया गया था। रात दस बजे के करीब बरात चढ़ी और बाराती मैरिज होम आने लगे। रास्ते में तोमर परिवार के युवकों ने बारात को रोक लिया।
जातिसूचक शब्द बोलते हुए डीजे बजाए बिना बरात ले जाने को कहा। विरोध पर दूल्हे को गालियां देते हुए जमीन पर गिरा दिया और पिटाई कर गले की चेन छीन ली। एक बाराती कुंवर पाल का सिर धारदार हथियार से फाड़ दिया। चार अन्य घायल हुए हैं। पीड़ितों ने महिलाओं से अभद्रता का भी आरोप लगाया है।
मैरिज होम में बनाया बंधक
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुल्हा रोहित बिना बरात के भागता हुआ मैरिज होम आया। आरोपितों ने बारातियों और लड़की पक्ष को मैरिज होम के बंधक बना लिया। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद पुलिस ने मुक्त कराया। इसके बाद दोनों ओर के मेहमान बिना भोजन किए लौट गए। सुबह परिवार के मुख्य लोगों के बीच विवाह की रस्में पूरी की गईं।
मारपीट का वीडियो प्रसारित
बारातियों से मारपीट के कई वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हुए हैं। वीडियो में आरोपित हाथों में डंडे लेकर बारातियों को पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कई लोग वीडियो बनाते दिख रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने 10 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस बता रही डीजे बजाने का विवाद
पूरे प्रकरण पर इंस्पेक्टर एत्मादपुर विजय विक्रम सिंह का कहना है कि बरात में तेज आवाज में डीजे बजाने पर गांव के लोगों ने आवाज धीमी करने को कहा था। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से दो -दो लोग घायल हैं। मेडिकल कराया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।