जालंधर में तेज रफ्तार टिप्पर का कहर, दो पिकअप को मारी टक्कर; 2.50 लाख रुपये का सोफा क्षतिग्रस्त, चालक घायल

1119 Shares

पंजाब के जालंधर में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक पिकअप में रखा करीब ढाई लाख रुपये का सोफा भी बुरी तरह खराब हो गया। दुर्घटना में एक पिकअप चालक घायल हुआ है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल, यह घटना जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, फ्लाईओवर पर सरियों से लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण खड़ा था। ट्रक सड़क पर आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक टिप्पर ने आगे चल रही दो पिकअप गाड़ियों को टक्कर मार दी।

टक्कर में ढाई लाख का सोफा क्षतिग्रस्त

हादसे में घायल पिकअप चालक सुमन ने बताया कि वह गुरदासपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने सड़क पर सरियों से लदे खराब ट्रक को देखकर अपनी गाड़ी रोक दी थी। इसी दौरान पीछे से आए टिप्पर ने उनकी पिकअप और पास में मौजूद दूसरी पिकअप को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। एक पिकअप में रखा करीब 2.50 लाख रुपये की कीमत का सोफा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सुमन को चोटें आईं। उन्होंने दुर्घटना के लिए सड़क पर खड़े खराब ट्रक और पीछे से आ रहे टिप्पर के चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।

सड़क सुरक्षा फोर्स ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में तैनात कांस्टेबल अमरदीप चट्ठा ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे MDT ऐप के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी मिली थी।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि सरियों से लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण फ्लाईओवर पर खड़ा था और उसके पीछे दो पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके थे।

हाइड्रा क्रेन की मदद से खुलवाया जाम

दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात सामान्य करने के लिए सड़क सुरक्षा फोर्स ने हाइड्रा क्रेन की मदद ली। क्षतिग्रस्त वाहनों और खराब ट्रक को सड़क से हटवाया गया।

काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 9 बजे तक फ्लाईओवर पर यातायात बहाल करा दिया गया। इसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स ने दुर्घटना से संबंधित जानकारी कैंट और रामा मंडी क्षेत्र के संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंप दी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *