वंदे भारत में अब नहीं मिलेगा ऑमलेट-सैंडविच, IRCTC ने बदला खाने का मेन्यू; 10 की जगह मिलेंगे सिर्फ 4 विकल्प

7.5kViews
1020 Shares

वंदे भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खाने-पीने से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। अब ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों को पहले की तरह खाने की लंबी लिस्ट नहीं मिलेगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम यानी IRCTC ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में खाने का मेन्यू छोटा कर दिया है। पहले जहां यात्रियों को नाश्ते और खाने में करीब 8 से 10 तरह के विकल्प मिलते थे, वहीं अब इसे घटाकर सीमित कर दिया गया है।

IRCTC ने यह बदलाव खाने की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया है। नई व्यवस्था का ट्रायल 1 नवंबर से शुरू किया गया है। फिलहाल यह प्रयोग तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूट पर किया जा रहा है। इनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी रूट शामिल हैं।

नई व्यवस्था के तहत मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में नाश्ते के लिए यात्रियों को इडली-वड़ा, पोहा या उपमा जैसे विकल्प मिलेंगे। वहीं, लंच और डिनर में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी या चिकन का विकल्प दिया जाएगा।

इस बदलाव के बाद मेन्यू से कई पुराने आइटम हटा दिए गए हैं। इनमें अंडे का ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, सूप, छाछ और चॉकलेट जैसे विकल्प शामिल हैं। इसके अलावा दोपहर और रात के खाने में मिलने वाले सलाद, दही, अचार, सूखी सब्जी और मिठाई जैसे कई आइटम भी हटाए गए हैं।

खास बात यह है कि मेन्यू छोटा होने के साथ खाने की कुल मात्रा में भी कमी आई है। पहले एक मील का वजन करीब 700 से 750 ग्राम तक होता था, जिसे अब घटाकर लगभग 450 से 500 ग्राम कर दिया गया है। हालांकि IRCTC अधिकारियों का कहना है कि अलग-अलग व्यंजनों की व्यक्तिगत सर्विंग पहले जैसी ही रखी गई है। कुल वजन में कमी मेन्यू से अतिरिक्त आइटम हटने की वजह से आई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की ओर से खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में कम विकल्पों वाला मेन्यू तैयार किया गया है, ताकि हर व्यंजन की गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी रखी जा सके। इसके लिए IRCTC ने क्लाउड किचन कंपनियों के साथ भी व्यवस्था की है।

IRCTC अब यात्रियों से इस नई व्यवस्था पर प्रतिक्रिया ले रहा है। यदि ट्रायल सफल रहता है और यात्रियों का फीडबैक सकारात्मक मिलता है, तो भविष्य में इसे अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।

फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि यात्रियों को बेहतर गुणवत्ता वाला खाना देने की इस कोशिश से कितनी संतुष्टि मिलती है। अब देखना होगा कि मेन्यू में कटौती के बाद वंदे भारत के यात्रियों का अनुभव कैसा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *