भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक नई पहल की है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ की शुरुआत हो गई है। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हुई है। इसे भारत की सातवीं अंतरराष्ट्रीय ट्रेन सेवा बताया जा रहा है।
दरअसल, 23 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। ट्रेन की शुरुआत को भारत और नेपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस ट्रेन का सबसे खास पहलू यह है कि अब श्रद्धालु अयोध्या से जनकपुर धाम तक बिना ट्रेन बदले यात्रा कर सकेंगे। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 19 घंटे का समय लगेगा। इस रेल सेवा के जरिए रामायण से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।
रेलवे के अनुसार, सरयू-कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। अयोध्या कैंट से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जनकपुर धाम पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर जनकपुर धाम से रवाना होकर रविवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
इस ट्रेन के रास्ते में उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के कई महत्वपूर्ण स्टेशन जुड़ेंगे। इनमें मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे स्टेशन शामिल हैं। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए गए हैं। इनमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच और अन्य श्रेणियों के कोच शामिल हैं। इस ट्रेन की कुल यात्री क्षमता लगभग 1,158 बताई गई है।
इस रेल सेवा का महत्व केवल यातायात तक सीमित नहीं है। अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों स्थानों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रामायण सर्किट के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, पर्यटन, रोजगार और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है। भारत और नेपाल के बीच लोगों का आवागमन आसान होने से पारिवारिक और सामाजिक संबंधों को भी नई मजबूती मिल सकती है।
हालांकि, यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण बात यह है कि शुरुआती चरण में इस ट्रेन से यात्रा की पात्रता भारतीय और नेपाली नागरिकों तक सीमित रखी गई है। इसके अलावा नियमित व्यावसायिक परिचालन 28 नवंबर 2026 से शुरू होना निर्धारित है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

