पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा ऐलान, अकाली दल से होगा मुख्यमंत्री का चेहरा

1586 Shares

पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA में फिर से साथ आ गए हैं। 24 नवंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया।

इस दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पंजाब में गठबंधन की सरकार बनती है, तो मुख्यमंत्री अकाली दल से होगा। अमित शाह ने कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगा। दोनों पार्टियां 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरेंगी। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और सीटों के बंटवारे को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अमित शाह ने अकाली दल को NDA का सबसे पुराना सहयोगी बताते हुए उसकी वापसी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या, भ्रष्टाचार और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए 31 दिसंबर 2029 तक का लक्ष्य भी बताया।

वहीं, सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को पंजाब के हितों से जुड़ा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता पुराना है और दोनों पार्टियां मिलकर राज्य के किसानों, युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगी।

गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का करीब 24 साल पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। उस समय अकाली दल ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में NDA से अपना समर्थन वापस ले लिया था। अब छह साल बाद दोनों दलों की वापसी से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *