रिम्स जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, बेरमो SDO मनोज कुमार गिरफ्तार; अब तक 7 अधिकारी शिकंजे में

1811 Shares

झारखंड की राजधानी रांची में रिम्स की जमीन से जुड़े कथित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार सरकारी अधिकारियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। आरोप है कि रिम्स के लिए अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर करने में अधिकारियों की भूमिका रही है।

रांची से हुई मनोज कुमार की गिरफ्तारी

मिली जानकारी के मुताबिक, ACB की टीम ने गुरुवार, 19 नवंबर को बेरमो के SDO मनोज कुमार को रांची से गिरफ्तार किया। मनोज कुमार पहले रांची के बड़गाईं अंचल में अंचल अधिकारी के पद पर तैनात रह चुके हैं। इसी दौरान उनकी भूमिका को लेकर जांच एजेंसी ने पड़ताल की थी।

रिपोर्ट के अनुसार, ACB ने पहले उन्हें पूछताछ के लिए भी बुलाया था। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब उनकी गिरफ्तारी की गई है।

इससे पहले छह अधिकारी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में ACB ने 17 नवंबर की रात भी बड़ी कार्रवाई की थी। उस दौरान पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन सहित छह सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।

इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन अधिकारियों ने कथित तौर पर अपने पदों का दुरुपयोग करते हुए जमीन की अवैध रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में भूमिका निभाई।

9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है पूरा मामला

दरअसल, यह पूरा मामला रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान यानी रिम्स के लिए अधिग्रहित कुल 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है।

आरोप है कि फर्जी दस्तावेज और वंशावली तैयार कर इस अधिग्रहित जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। इसके बाद जमीन की खरीद-बिक्री और सरकारी रिकॉर्ड में बदलाव जैसी अनियमितताएं की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *