सिंगरौली: ओवरटेकिंग को लेकर विवाद ने लिया खूनी रूप: चाकू और रॉड से हमला, उपचार के दौरान युवक की गई जान; परिजनों ने जताया आक्रोश

1072 Shares

सिंगरौली| जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयंत चौकी क्षेत्र में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जयंत के नेहरू मोड़ के समीप देर रात दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें युवक भूपेंद्र सिंह राजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान युवक पर रॉड और धारदार हथियार (चाकू) से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित परिजन मृतक का शव एंबुलेंस में लेकर जयंत चौकी पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना में तीन आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। वहीं कुछ लोगों ने आरोपियों में जिला बदर और आपराधिक छवि के व्यक्तियों के शामिल होने का दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। सिंगरौली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *