आगरा से शुरू होगी 2027 के चुनावी रण की तैयारी, 19 को भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की बैठक

6.0kViews
1924 Shares

विधानसभा चुनाव-2027 की सियासी बिसात बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है। चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए 19 नवंबर को आगरा में अहम बैठक होने जा रही है। भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अलावा आगरा, मथुरा सहित 12 जिलों के डीएम शामिल होंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, चुनावी तैयारी की हकीकत, ईवीएम की उपलब्धता, कर्मचारियों की संख्या पर चर्चा की जाएगी।
विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची का ड्राफ्ट 17 नवंबर को प्रकाशित होगा फिर दावे एवं आपत्तियां मांगी जाएंगी। भारत और राज्य निर्वाचन अधिकारियों की बैठक पहले छह नवंबर को होने जा रही थी लेकिन फिर इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह बैठक 19 नवंबर की सुबह साढ़े 10 बजे से ऊर्जा भवन, सिकंदरा में होगी।

19 नवंबर को भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की होगी बैठक
इस बैठक में भारत निर्वाचन आयुक्त के दो उपायुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा सहित आधा दर्जन अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस सहित 12 जिलों के डीएम भाग लेंगे। यह बैठक तीन सत्र में होगी। शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को अधिकांश अधिकारी आगरा पहुंचेंगे।

30 लाख हैं मतदाता

अगर आगरा की बात की जाए तो नौ विधानसभा क्षेत्रों में 30 लाख मतदाता हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से पूर्व 36 लाख मतदाता थे। इसमें छह लाख मतदाताओं के नाम हट गए। वर्तमान में 16.43 लाख पुरुष, 13.63 लाख महिला और 83 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *