Rudrapur Hospital Murder: हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों पर गरजा बुलडोजर, छज्जा और स्लैब तोड़ा

3.8kViews
1087 Shares

जिला अस्पताल में हुए नितेश हत्याकांड के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों की ओर से हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलाने की मांग के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

शनिवार को प्रशासन की टीम ने हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ ही बुलडोजर चलाकर छज्जा और स्लैब तोड़ दिए। इसके अलावा भवनों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। नोटिस के अनुसार, 15 दिन के भीतर मकान और प्रतिष्ठानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

हत्याकांड के बाद से ही स्वजन आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर भी स्वजन और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का एलान करते हुए धरना दिया था। प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद मामले में हलचल तेज हो गई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर भवनों के हिस्सों को ध्वस्त किया और आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किए। हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई के दौरान लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मौके पर भीड़ जुटने के चलते प्रशासन और पुलिस की टीम को व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहना पड़ा।

सड़क के ऊपर गुजर रहे थे बिजली के तार, कटवाई गई लाइट

कार्रवाई के दौरान भवनों के ऊपर और सड़क के आर-पार बिजली के तार गुजर रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए एसडीएम ने पहले विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार हटवाए। साथ ही हत्यारोपितों के घरों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए, ताकि बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान किसी तरह का हादसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *