जिले के पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जल्द ही डेस्क-बेंच की सुविधा मिलने वाली है। लंबे समय से फर्नीचर की कमी से जूझ रहे इन विद्यालयों में अब विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
जनपद में कुल 1208 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें लगभग एक लाख छह हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सरकार की ओर से इनमें 18 विद्यालयों को पीएमश्री के रूप में विकसित किया गया है। इन विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए पर्याप्त डेस्क-बेंच उपलब्ध नहीं हैं।
स्थिति यह है कि विद्यार्थियों की कुल संख्या के सापेक्ष महज 40 प्रतिशत बच्चों के बैठने के लिए ही डेस्क-बेंच की व्यवस्था है। ऐसे में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अभी भी जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। डेस्क-बेंच की कमी दूर करने के लिए विभागीय स्तर पर गठित समिति खरीद की प्रक्रिया पर नजर रख रही है।
समिति की ओर से प्रस्तावित फर्नीचर की गुणवत्ता, मजबूती व निर्धारित बजट के अनुरूप उसकी उपयोगिता की जांच की जा रही है। गुणवत्ता व कीमत के मानकों पर खरा उतरने वाली संस्थाओं का चयन किया जाएगा। इसके बाद विद्यालयों की जरूरत के अनुसार डेस्क-बेंच की आपूर्ति कराई जाएगी। कक्षाओं में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में बैठने की बेहतर व्यवस्था होने से शैक्षणिक माहौल भी सुधरेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

