लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल का दौरा कर छठ घाटों की तैयारियों और निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सीएम रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के आसपास हुए कायाकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से अब यह जगह पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “जिस मुनक नहर के आसपास कभी गंदगी और अव्यवस्थाओं से लोगों को परेशानी होती थी, आज वहां स्वच्छता, सुंदरता और सुविधाओं की नई तस्वीर आकार ले रही है।”
आज प्रेमबाड़ी पुल, सिंगलपुर में मुनक नहर के विकास, सौंदर्यीकरण और छठ घाटों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। जिस मुनक नहर के आसपास कभी गंदगी और अव्यवस्थाओं से लोगों को परेशानी होती थी, आज वहां स्वच्छता, सुंदरता और सुविधाओं की नई तस्वीर आकार ले रही है। हमारा लक्ष्य है कि छठ महापर्व से पहले निर्माण कार्य पूर्ण हो। माताएं-बहनें और श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में, बिना किसी परेशानी के छठी मैया की आराधना कर सकें। इसके लिए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के स्पष्ट निर्देश दिए हैं
मुख्यमंत्री ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सरकार छठ व्रतियों की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि छठ महापर्व पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों और उनके परिजनों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतरीन वातावरण मिले। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न हो, यही हमारी प्राथमिकता है।”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

