कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले को 320 नए चयनित होमगार्ड जवान मिले हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की आधिकारिक सूची जिला प्रशासन व पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन कार्य बिना किसी विलंब के समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जिले के सभी उप जिलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के चयनित अभ्यर्थियों के बैकग्राउंड चेक की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है।
सभी अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन रिपोर्ट सकारात्मक मिलने पर उन्हें त्वरित प्रशिक्षण और औपचारिकताएं पूर्ण कर विभिन्न थानों, ट्रैफिक व्यवस्था तथा महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर तैनात किया जाएगा। प्रभारी जिला कमांडेंट होमगार्ड प्रीती शर्मा ने बताया कि चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

