पाकिस्तान की जेल में छह साल से बंद हैं बांदा के 4 युवक, बेटे की याद में बिगड़ी मां की तबीयत

1046 Shares

गुजरात के पोरबंदर से मछली पकड़ने गए बांदा के चार युवक छह साल से पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। इनमें तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौसड़ गांव निवासी 26 वर्षीय चांद बाबू के अलावा 22 वर्षीय लक्ष्मण, जसईपुर निवासी 22 वर्षीय जीतेंद्र, दरदा गांव निवासी 32 वर्षीय उमेश भी शामिल हैं।

29 सितंबर 2021 को गुजरात के पोरबंदर में तेज हवा के कारण उनकी नाव भटककर पाकिस्तान की समुद्री सीमा में चली गई थी। वहां से उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तब से परिवार उनकी वतन वापसी का इंतजार कर रहा है।

पाकिस्तान की जेल में बंद चांदबाबू की शादी कर्वी क्षेत्र में तय हुई थी और सगाई भी हो चुकी थी। लेकिन लंबा इंतजार करने के बाद लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। सगाई टूटने की खबर से स्वजन परेशान हैं।

चांद बाबू की मां बसीरन की तबीयत बेटे की याद में बिगड़ गई है। वह बिस्तर पर बीमार पड़ी हैं। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द लौट आएगा। धौसड़ निवासी लक्ष्मण के भाई महेंद्र ने बताया कि करीब एक माह पहले व्हाट्सएप पर जेल में बंद भाई का पत्र मिला था।

सितंबर में भेजे गए पत्र में लक्ष्मण ने परिवार से पहले भेजे गए खत मिलने की जानकारी मांगी थी। अधिकारियों से पूछने पर कहा जाता है कि वे जिस तरह आए हैं, उसी तरह जाएंगे। स्वजन केंद्र और प्रदेश सरकार से गंभीरता से पहल कर चारों की रिहाई और सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *