भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच मैच का पूरी दुनिया को इंतजार रहता है। जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं विश्व क्रिकेट ठहर सा जाता है। 10 अक्टूबर को एक बार फिर ये दोनों टीमें भिड़ेंगी। मैदान होगा दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम। इस मैदान पर ये महामुकाबला खेला जाएगा। ये मैच होगा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में।
10 तारीख को होगा मैच
लीग की शुरुआत तीन अक्टूबर से होगी। पहले मैच में इंडिया चैंपियंस के सामने होगी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस। ये मैच दिन में होगा। शाम को पाकिस्तान चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस की टीम भिड़ेंगी। तीन से सात अक्टूबर तक मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद लीग दुबई आएगी और दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मेजबानी करेगा। इसी मैदान पर 10 तारीख को शाम को साढ़े सात बजे भारत और पाकिस्तान की टीमें भिडेंगी।
13 अक्टूबर को लीग दोबारा शारजाह लौटेगी और इसी मैदान पर सेमीफाइनल और फाइनल मैच होंगे। फाइनल मैच 18 अक्टूबर को होगा।
क्या होगा मैच?
लीग के आयोजकों ने मैच के फिक्चर जारी कर दिए हैं और भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख तय कर दी है हालांकि, इस मैच के होने पर अभी भी शक है और इसका कारण बीते डेढ़ साल के हालात हैं। पिछले साल पुलवामा में हुए आंतकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच खटास की खाई पहले से कहीं ज्यादा गहरी हुई है। इसी कारण पिछले सीजन इस लीग में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। देखना होगा कि इस बार भी यही होता है या नहीं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

