नवरात्र से पहले ही गुलजार हुआ मां का दरबार, 38 हजार श्रद्धालु वैष्णो देवी भवन रवाना

3.5kViews
1266 Shares

 कटड़ा में शारदीय नवरात्र महोत्सव के आगाज से पहले ही मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी देखने को मिल रही है।

शनिवार को देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचे। नवरात्र महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है, जिसके चलते कटड़ा में भी रौनक बढ़ने लगी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम 7 बजे तक करीब 38 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
वहीं, देशभर से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। ऐसे में देर रात तक यात्रा के आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना हैं ।

नवरात्र के दौरान मां के दरबार में हाजिरी लगाने की धार्मिक मान्यता के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पावन अवसर पर मां वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचते हैं। इस बार भी महोत्सव से पहले ही यात्रा में तेजी आने लगी है। परिवारों सहित कटड़ा पहुंच रहे श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ अपनी यात्रा कर रहे हैं।

त्रिकुटा पर्वत पर छाई धुंध का असर शनिवार को हेलीकॉप्टर सेवा पर भी देखने को मिला। सुबह कुछ समय तक हेलीकॉप्टर उड़ानों का संचालन हुआ, लेकिन इसके बाद मौसम खराब होने और पर्वतीय क्षेत्र में धुंध छाने के कारण अधिकांश समय उड़ानें प्रभावित रहीं। इसके चलते हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ा।

हालांकि, हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रहने के बावजूद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित अन्य उपलब्ध सुविधाओं के माध्यम से श्रद्धालु मां के भवन की ओर बढ़ते रहे।

नवरात्र में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की संख्या

नवरात्र महोत्सव से ठीक पहले यात्रा में आए उछाल को देखते हुए आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के लगातार कटड़ा पहुंचने से उत्सव का माहौल बनने लगा है।

नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए आने वाले दिनों में यात्रा गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *