सुपौल में में पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, 65 किलो गांजा बरामद; सहरसा का तस्कर गिरफ्तार

1290 Shares

अनुमंडल क्षेत्र के भीमपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भीमपुर पुलिस ने 65 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार किया। शनिवार की सुबह एक स्कॉर्पियो से 53 किलो गांजा बरामद किया गया और एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

जानकारी देते हुए एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो भीमनगर की ओर से आ रही थी। भीमपुर बैंक आफ इंडिया के समीप एसएच-91 पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने स्कार्पियो को पीछे की ओर गियर में लेकर पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और करीब 150 मीटर तक आगे बढ़ गया।

फेरीवाले की बाइक को टक्कर मारी

भागने के क्रम में स्कॉर्पियो ने एक फेरीवाले की बाइक को टक्कर मारी और एक घर के सामने खड़ी दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दिया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर स्कार्पियो को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 53 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार आदर्श कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है

बताया कि एसपी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में भीमपुर थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाइयां की गईं। पहली कार्रवाई शुक्रवार शाम भीमपुर थाना के समीप स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान हुई। इस दौरान एक बाइक से 12 किलो गांजा बरामद किया गया और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिसकर्मी द्वारा गिरफ्तार आरोपित की पिटाई

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 निवासी रमन कुमार झा और दिलखुश कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त गांजे को विधिवत जब्त करने के बाद गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में पुलिसकर्मी द्वारा गिरफ्तार आरोपित की पिटाई मामले में एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि प्रसारित वीडियो का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित तथ्यों की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *