चतरा में CISF-CCL की बड़ी कार्रवाई, 250 टन कोयला और 5 हाइवा जब्त; चालक फरार

1533 Shares

झारखंड के चतरा जिले में कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ CISF और CCL की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मगध परियोजना क्षेत्र के ओझा टांड़ी गांव के पास सोमवार तड़के अभियान चलाकर पांच हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों में करीब 250 टन कोयला लदा मिला। कार्रवाई के दौरान हाइवा चालक मौके से फरार हो गए।

तड़के करीब 3 बजे हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, CISF को सूचना मिली थी कि रात के समय हाइवा के जरिए कोयले को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर CISF-CCL की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के करीब 3 बजे ओझा टांड़ी के आसपास घेराबंदी की। टीम को देखते ही वाहन चालकों ने हाइवा छोड़कर भागने की कोशिश की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पांचों हाइवा में मिला करीब 250 टन कोयला

जांच के दौरान पांचों हाइवा में लगभग 250 टन कोयला पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई अवैध कोयला भंडारण, चोरी और परिवहन पर रोक लगाने के अभियान का हिस्सा है। जब्त किए गए वाहनों और कोयले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बालूमाथ थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

अवैध कोयला कारोबार पर लगातार शिकंजा

मगध-अम्रपाली क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ CISF की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले भी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा कोयला बरामद किया गया है। CISF ने CCL के कोयला क्षेत्रों में निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई तेज की है।

ताजा कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त कोयला कहां से आया था और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी। मामले में फरार चालकों और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *