अयोध्या में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किए रामलला के दर्शन, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की ली जानकारी

3.0kViews
1370 Shares

अयोध्या: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद वह सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए।

मंदिर परिसर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और वहां चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली।

रामलला के दर्शन के बाद रक्षा मंत्री ने हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह रानोपाली स्थित उदासीन ऋषि संगत आश्रम पहुंचे, जहां गुरु पर्व महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए।

संस्कृत महाविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण

रानोपाली आश्रम में राजनाथ सिंह ने श्रीनारायण राम संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। करीब 1.35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन से आवासीय संस्कृत महाविद्यालय में अध्ययनरत ब्रह्मचारियों को सुविधाएं मिलेंगी। संस्थान में करीब 100 पंजीकृत ब्रह्मचारी अध्ययनरत बताए गए हैं।

श्रीनारायण संस्कृत विद्यालय की स्थापना 1912 में हुई थी और 1934 में इसे संस्कृत महाविद्यालय की मान्यता मिली थी। नए भवन के निर्माण का उद्देश्य संस्थान की शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं को बढ़ाना है।

सुरक्षा के किए गए व्यापक इंतजाम

रक्षा मंत्री के अयोध्या दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर और कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ कार्यक्रम स्थलों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *