बठिंडा। पंजाब के बठिंडा में पुलिस की PCR टीम ने तत्परता दिखाते हुए नहर किनारे रोते मिले करीब पांच वर्षीय बच्चे को उसकी मां से मिलवा दिया। बच्चा नहर की पटरी के पास अकेला मिला था और अपना नाम तो बता पा रहा था, लेकिन घर का सही पता नहीं बता सका।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को नहर में बच्चों की तलाश के दौरान PCR ईको-7 टीम की नजर नहर की पटरी के पास रो रहे एक बच्चे पर पड़ी। टीम ने बच्चे को अपने पास बैठाया और उससे उसका नाम व पता पूछा। बच्चे ने अपना नाम गणेश बताया, लेकिन वह अपने घर का पता बताने में असमर्थ था।
इसके बाद PCR टीम ने परसराम नगर की वार्ड प्रधान किरण मिश्रा से संपर्क किया। उनकी मदद से बच्चे के घर की पहचान की गई और उसे परसराम नगर की गली नंबर 35/3 स्थित उसके घर पहुंचाया गया।
घर पहुंचने पर बच्चे की मां सुनीता रानी ने बताया कि उसका बेटा सुबह से ही लापता था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने PCR ईको-7 टीम और बठिंडा के SSP का आभार जताया।
बच्चे को उसकी मां तक सुरक्षित पहुंचाने वाली PCR टीम में ASI राजिंदर सिंह और सीनियर कांस्टेबल अमनदीप कौर शामिल थे। पुलिस टीम की इस तत्परता से परिवार को बड़ी राहत मिली।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

