ज्ञानेश कुमार के आगरा आवास पर प्रदर्शन, गेट पर कालिख पोती
ज्ञानेश कुमार के आगरा आवास पर प्रदर्शन, गेट पर कालिख पोती; इस्तीफे की मांग
आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर सोमवार को प्रदर्शन का मामला सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास के गेट पर कालिख पोती और काले पेंट से आपत्तिजनक नारे लिखे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारी करीब 11 बजे ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर पहुंचे थे। उनके हाथों में बैनर थे। कुछ देर प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद वे वहां से चले गए। प्रदर्शनकारियों के जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों में मथुरा से आए कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फोटो-वीडियो के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
SIR विवाद के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों की ओर से हाल के दिनों में विरोध और इस्तीफे की मांग तेज हुई है। कांग्रेस ने भी उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी और विपक्षी दलों से संपर्क की बात कही है। यह विवाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों के बीच सामने आया है।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 25 सितंबर को चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च भी किया था, जहां ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

