‘मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को मिलेंगे 50 हजार’, ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड पर PM मोदी ने जताया दुख

1701 Shares

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएम मोदी ने (X) पर एक पोस्ट डालकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है।

मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 2-2 लाख
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की घोषणा की है।

9 लोगों की जिंदा जलकर मौत

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास डबल डेकर स्लीपर बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं।

5 घंटे चला राहत-बचाव कार्य

आग इतनी विकराल थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गए। कई शवों के अंग तक अलग हो गए। देर रात से करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बस की बाडी काटकर बाहर निकाला गया।

राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से मोहबा जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास ड्राइवर को बस के इंजन की ओर आग लगने का पता चला। ड्राइवर ने बस को ओवरटेकिंग लेन से एक्सप्रेसवे किनारे सोल्डर पर खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने पर चालक और परिचालक ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए शोर मचाया। अफरा-तफरी के बीच 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन 9 यात्री अंदर ही फंस गए।

घायलों को अस्पताल भेजा

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी थी और अंदर से लगातार धुआं निकल रहा था। आग पर काबू पाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान घंटों सुलगता रहा। सुरक्षा टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शव और मिले अंग कैलाश अस्पताल भेजे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *