महेंद्रगढ़ रोड पर बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए निकली निजी स्कूल बस गुरुवार सुबह नूनी गांव के मोड़ पर हादसे का शिकार हो गई। सीबीएम अस्पताल के पास स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस ने पहले स्कूटी और फिर साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसा सुबह उस समय हुआ, जब महेंद्रगढ़ रोड स्थित सूरज स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए गांव नूनी शेखपुरा की ओर जा रही थी। नूनी गांव के मोड़ से थोड़ा आगे सीबीएम अस्पताल के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया।
वहीं, आसपास के लोगों के अनुसार बस चालक ने स्कूटी सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान बस स्कूटी से टकराने के बाद पास से गुजर रहे साइकिल सवार से भी जा भिड़ी।
हादसे में साइकिल सवार बिहार निवासी करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास गंभीर रूप से घायल हो गया। वह फिलहाल नसीबपुर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है।
वहीं, नसीबपुर निवासी नीता कुमारी और अतर सिंह भी घायल हुए। दोनों स्कूटी पर सवार थे। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सीबीएम अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही महावीर चौक पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
महावीर चौक पुलिस चौकी के सतीश कुमार ने बताया कि हादसे के समय बस में थोड़े ही बच्चे बैठे हुए थे। किसी बच्चे को चोट नहीं आई। सूचना मिलने के बाद स्कूल स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

