हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों के बीच फिर विवाद, हथियार लेकर VC ऑफिस के बाहर पहुंचे; 7 गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में मंगलवार शाम छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। लॉ डिपार्टमेंट में छात्रों के बीच झड़प का वीडियो भी सामने आया है। बाद में एसएफआई कार्यकर्ताओं के बैग से हथियार मिले हैं। इस घटना के बाद छात्र वीसी ऑफिस के बाहर पहुंचे। यहां छात्रों के बैग की चेकिंग के दौरान हथियार बरामद किए गए।
अब झड़प का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर विश्वविद्यालय में तनाव का माहौल बना हुआ है।
7 कार्यकर्ता गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दोनों छात्र संगठनों के कुल सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तारियां बालूगंज थाना के तहत की गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और झड़प के दौरान कौन-कौन लोग शामिल थे।
गत सप्ताह भी हुई थी झड़प
विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच लगातार सामने आ रही झड़प की घटनाओं से माहौल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार की घटना से पहले पिछले सप्ताह भी एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई थी। उस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। पिछले मामले की कार्रवाई के बाद भी मंगलवार को दोबारा झड़प होने से विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को हुई घटना के संबंध में गिरफ्तार किए गए सातों कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि झड़प में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

